राजगढ़ःसंघ शिक्षा वर्ग के प्रकट कार्यक्रम में दिखा अनुशासन और राष्ट्रभाव

राजगढ़, 31 मई । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्यभारत प्रांत के 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग का प्रकट कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों के अनुशासित प्रदर्शन, शारीरिक कौशल और संगठनात्मक क्षमता ने उपस्थित हजारों लोगों को प्रभावित किया।

आयोजन में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। मध्यभारत प्रांत का यह संघ शिक्षा वर्ग 16 मई से ब्यावरा में संचालित हो रहा है, जिसका औपचारिक समापन एक जून को दीक्षांत समारोह के साथ होगा।

वर्ग में प्रांत के 31 जिलों के 138 शाखा स्थानों से आए 200 स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इनमें किसान, शिक्षक, व्यापारी,अधिवक्ता, इंजीनियर और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कार्यकर्ता शामिल रहे। स्वयंसेवक अपने स्वयं के व्यय पर प्रशिक्षण लेने पहुंचे।

प्रकट कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने सामूहिक व्यायाम, योग, दंड संचालन और विभिन्न शारीरिक गतिविधियों का प्रदर्शन किया। घोष की धुन और कदमताल के बीच प्रस्तुत कार्यक्रम को दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। मंच पर मानस मर्मज्ञ पंडित कपिल शर्मा, वर्ग सर्वाधिकारी योगेश गौतम, जिला संघ चालक महेश यादव और प्रांत कार्यवाह हेमंत सेठिया उपस्थित रहे।

वर्ग कार्यवाह कदमसिंह मीणा ने प्रशिक्षण वर्ग का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मुख्य वक्ता हेमंत सेठिया ने कहा कि संगठित समाज ही हर चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना कर सकता है। उन्होंने कहा कि संघ का मूल उद्देश्य व्यक्ति निर्माण है, ताकि संस्कारित, अनुशासित और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने वाले नागरिक तैयार हो सकें। उन्होंने सामाजिक समरसता, स्वदेशी चिंतन और विकसित भारत के संकल्प पर भी विचार रखे। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। पूरे वर्ग को पॉलीथिन मुक्त रखा गया तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया गया। आयोजन के अंत में सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभावना से ओतप्रोत हो उठा।