नाहन, 01 मई । सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 30 अप्रैल को स्पेशल डिटेक्शन सेल की टीम ने गश्त के दौरान की।
पुलिस के अनुसार, टीम विश्वकर्मा चौक पर मौजूद थी और मादक पदार्थों से जुड़ी सूचनाएं एकत्र कर रही थी। इसी दौरान एक खास मुखबिर से सूचना मिली कि शिलाई क्षेत्र का रहने वाला एक व्यक्ति पांवटा साहिब की ओर स्मैक लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तुरंत यमुना पुल के पास पहुंची और निगरानी शुरू की।
कुछ देर बाद एक संदिग्ध व्यक्ति वहां से आता हुआ दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रोककर पूछताछ की। उसने अपना नाम प्रकाश, पुत्र गम्भु राम, निवासी गांव च्याना, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से माचिस की डिब्बी में 1.74 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पांवटा साहिब थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशा कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई करने वाला था।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।