इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और मुंबई इंडियंस (एमआई) जैसी बड़ी टीमों के लिए इस सीजन कोई बल्लेबाज या गेंदबाज लगातार सुर्खियों में नहीं रहा, लेकिन अब केकेआर के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने शानदार प्रदर्शन से पर्पल कैप की रेस में बड़ी छलांग लगा दी है।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में कार्तिक त्यागी ने 2 विकेट लेकर पर्पल कैप तालिका में पांचवां स्थान हासिल कर लिया। उन्होंने तिलक वर्मा का अहम विकेट लिया, जबकि पारी की आखिरी गेंद पर दीपक चाहर को आउट कर सीजन में अपने विकेटों की संख्या 18 तक पहुंचा दी।
सीजन की शुरुआत में कार्तिक त्यागी का प्रदर्शन शांत रहा था, लेकिन अब वह केकेआर के लिए लगातार मैच जिताऊ गेंदबाजी कर रहे हैं। कोलकाता ने पिछले सात मुकाबलों में छह जीत दर्ज कर प्लेऑफ की उम्मीदें मजबूत की हैं।
पर्पल कैप तालिका
पर्पल कैप की सूची में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के भुवनेश्वर कुमार 24 विकेट के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं। गुजरात टाइटंस (जीटी) के कागिसो रबाडा 21 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के अंशुल कंबोज 20 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के जोफ्रा आर्चर और कार्तिक त्यागी दोनों के 18-18 विकेट हैं। हालांकि बेहतर इकॉनमी रेट (9.14) के कारण आर्चर चौथे और त्यागी पांचवें स्थान पर हैं। त्यागी की इकॉनमी 9.42 रही है।
वहीं, केकेआर के अनुभवी स्पिनर सुनील नरेन ने मुंबई के खिलाफ 1 विकेट लेकर सिर्फ 13 रन दिए। उनके नाम इस सीजन 14 विकेट हैं, लेकिन 6.40 की इकॉनमी के साथ वह इस सीजन के सबसे किफायती गेंदबाज बने हुए हैं।
ऑरेंज कैप तालिका
ऑरेंज कैप की दौड़ में बुधवार को कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। केकेआर के अंगकृष रघुवंशी फील्डिंग के दौरान चोटिल होने के कारण बल्लेबाजी नहीं कर सके, जबकि मुंबई इंडियंस के रयान रिकेल्टन केवल 6 रन ही बना पाए।
राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी 579 रन के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स के मिचेल मार्श 563 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिख क्लासेन 555 रन लेकर तीसरे स्थान पर हैं, जबकि गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज बी साई सुदर्शन (554) और शुभमन गिल (552) क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर मौजूद हैं।