मेलबर्न, 25 मई । ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की मुख्य कोच शेली निट्शके ने टीम के साथ अपना अनुबंध तीन साल के लिए बढ़ा लिया है। अब वह 2029 के मध्य तक ऑस्ट्रेलियाई टीम की मुख्य कोच बनी रहेंगी। यह घोषणा इंग्लैंड में होने वाले महिला टी20 विश्व कप से ठीक पहले सोमवार को की गई है।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर शेली निट्शके ने वर्ष 2022 में मैथ्यू मोट की जगह मुख्य कोच का पद संभाला था। उनके कार्यकाल में ऑस्ट्रेलिया ने 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक और 2023 महिला टी20 विश्व कप का खिताब जीता। हालांकि हाल के वनडे और टी20 विश्व कप में टीम सेमीफाइनल तक ही पहुंच सकी थी।
निट्शके के नए अनुबंध के तहत वह अगले चार बड़े टूर्नामेंटों में ऑस्ट्रेलिया की जिम्मेदारी संभालेंगी। इनमें 2026 और 2028 महिला टी20 विश्व कप, 2027 चैंपियंस ट्रॉफी और 2028 ओलंपिक शामिल हैं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया 2027 में इंग्लैंड दौरे पर एशेज खेलेगा, जबकि 2029 में घरेलू एशेज सीरीज की मेजबानी करेगा।
शेली निट्शके ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के हवाले से कहा, “इस टीम के साथ काम करना और इतने शानदार खिलाड़ियों व सपोर्ट स्टाफ के साथ आगे बढ़ना मेरे लिए गर्व की बात है। हमने साथ मिलकर काफी उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन आने वाले वर्षों में यह टीम और भी बहुत कुछ कर सकती है। आगे कई बड़े टूर्नामेंट और चुनौतियां हैं, जिनके लिए मैं बेहद उत्साहित हूं।”
महिला टी20 विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलिया दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन अनौपचारिक अभ्यास मैच खेलेगा। इसके बाद टीम इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ आईसीसी के अभ्यास मुकाबलों में उतरेगी।
टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया को दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, भारत, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के साथ ग्रुप में रखा गया है।