किन्नर के घर से लाखों की चोरी, जांच में जुटी पुलिस

फर्रुखाबाद, 05 मई । उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक किन्नर के घर से मंगलवार को नकदी व जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला शिवाजी नगर गली नंबर 6 निवासी किन्नर ममता चौहान अपनी सहयोगी रुखसार के साथ रहती हैं। ममता ने 2 मई को किदवई नगर निवासी एक युवक को अपने घर में पुताई का ठेका दिया था। 3 मई की सुबह करीब 7 बजे उक्त युवक एक मजदूर के साथ पुताई करने के लिए घर पहुंचा। बताया गया कि कमरे में पुताई कराने के दौरान ममता ने अलमारी का सारा सामान निकालकर तख्त पर रख दिया था। सुबह करीब 9 बजे दोनों युवक अचानक बिना बताए मौके से चले गए। 4 मई को ममता जब आरोपित युवक के घर पहुंची तो वह नहीं मिला। 5 मई को घर में मेहमान आने पर जब ममता ने अपना थैला देखा तो उसमें से एक सोने का छल्ला, एक सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी की पायल और 50 हजार की नकद गायब मिले।

पीड़िता के अनुसार चोरी हुए जेवरों की कीमत लगभग 55,000 है। घटना के बाद ममता ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया।

थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाई जा रही है। एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुताई करने आए युवकों पर ही चोरी का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।