नूंह: तीन साल बाद भी नहीं मिला शहीद स्मारक में लगाया गया पैसा

नूंह, 30 जून । नूंह जिले के गांव संगेल के शहीद सैनिक तेजपाल की पत्नी मीनू ने जिला प्रशासन पर वादा पूरा न करने का आरोप लगाते हुए हरियाणा सरकार में मंत्री विपुल गोयल के समक्ष अपनी फरियाद रखी। मीनू का कहना है कि वर्ष 2023 में ऑपरेशन मिलिट्री कॉन्वाय के दौरान शहीद हुए उनके पति की याद में शहीद स्मारक बनाने का आश्वासन जिला प्रशासन द्वारा दिया गया था।

जिसका निर्माण शहिद तेजपाल की पत्नी मीनू ने अपने निजी को से कराया था जिस पर प्रशासन ने स्मारक निर्माण के लिए आर्थिक सहायता देने की भी बात कही थी, लेकिन तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी उन्हें कोई सहायता राशि नहीं मिली।मीनू ने आरोप लगाया कि वह पिछले तीन वर्षों से लगातार जिला प्रशासन के कार्यालयों के चक्कर काट रही हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। उन्होंने कहा कि अधिकारी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हैं और उन्हें बार-बार टाल दिया जाता है।

मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात के दौरान मीनू ने भावुक होकर कहा कि यदि इस बार भी उनकी मांग पर सुनवाई नहीं हुई तो वह भविष्य में कभी भी अपने पति के स्मारक के लिए खर्च किए गए पैसे की मांग करने नहीं आएंगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो वह अपने सभी दस्तावेज वहीं फाड़कर लौट जाएंगी।

मीनू ने बताया कि शहीद स्मारक की प्रतिमा और निर्माण कार्य पर लगभग पांच लाख रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने मंत्री से इस राशि की सहायता दिलाने की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री विपुल गोयल ने उन्हें अपने निजी कोष से ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भी मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। अब शहीद परिवार को उम्मीद है कि वर्षों से लंबित उनकी मांग पूरी होगी और शहीद तेजपाल की स्मृति में बने स्मारक को सरकार का उचित सम्मान और सहयोग मिलेगा।