अशोकनगर: किन्नर गुरु चांदनी नायक को धमकी, अशांति रोकने पुलिस से मांग

अशोकनगर, 05 जून । मध्य प्रदेश के अशोकनगर में किन्नर समाज के भीतर का एक बड़ा विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। समाज के ही कुछ गुटों द्वारा जान से मारने की धमकी और दबाव बनाए जाने के बाद डरे-सहमे स्थानीय किन्नरों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। इस संबंध में जिले में धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहने वाली चांदनी नायक (मौसी किन्नर) द्वारा शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए शिकायती पत्र ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है।

चांदनी नायक ने अपनी साथी भावना नायक (चंदेरी) और जान्ही नायक (ईशागढ़) के साथ गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्र के अनुसार, किन्नर समाज के ही कुछ अन्य लोगों ने मिलकर एक अलग संगठन बना रखा है। आरोप है कि यह गुट स्थानीय किन्नरों पर अपने संगठन में जुडऩे के लिए अनुचित रूप से भारी दबाव बना रहा है। जब स्थानीय किन्नरों ने इस संगठन में शामिल होने से साफ मना कर दिया, तो उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, शिकायती पत्र में साफ लिखा है कि आरोपितों ने आगामी शनिवार को यहां आकर शांति व्यवस्था भंग करने की खुली चुनौती दी है।

पीड़ित किन्नर पक्ष ने पुलिस को सौंपे पत्र में कई अलग-अलग शहरों के किन्नरों को नामजद किया है, जो उन पर दबाव बना रहे हैं, जिनमें मुस्कान मिर्जा (भोपाल), काजल ठाकुर (मंडीदीप), गोलू हाजी (देवरी सागर), आम्रपाली पाटिल (अमरावती, महाराष्ट्र)शामिल हैं।

पीड़ित किन्नरों ने अपनी जान-माल का खतरा जताते हुए कहा है कि इस धमकी के बाद से वे गहरे खौफ में हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच की जाए, उचित कानूनी कार्रवाई हो और उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए।

पुलिस विभाग के सील और तारीख के हस्ताक्षरों से साफ है कि पुलिस ने इस संवेदनशील मामले का आवेदन स्वीकार कर लिया है। चूंकि धमकी की तारीख 6 जून बताई गई है, इसलिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है और मामले की बारीकी से जांच कर रहा है। देखना यह होगा कि इस मामले में पुलिस प्रशासन क्या सख्त कदम उठाता है ताकि शहर की शांति व्यवस्था कायम रहे।