मातृशक्ति कॉन्क्लेव जैसे आयोजन समाज में सकारात्मक परिवर्तन के प्रभावी माध्यम : आनंदीबेन पटेल

अयोध्या, 28 जून । प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रविवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में मातृशक्ति कॉन्क्लेव अयोध्या में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम में आयोजित माँ-बेटी संवाद के माध्यम से शिक्षा, संस्कार, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

राज्यपाल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी एवं सीएसआर अनुदानित सामग्रियों का अवलोकन किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा 200 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन तथा 10 बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक भी पिलाई गई।

राज्यपाल ने कहा कि मातृशक्ति कॉन्क्लेव जैसे आयोजन समाज में सकारात्मक परिवर्तन के प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है तथा भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में रसोई व्यवस्था का शत-प्रतिशत सुदृढ़ होना तथा बच्चों को नियमित रूप से गर्म एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाना अत्यंत सराहनीय है।

उन्होंने माताओं से अपील की कि वे अपनी बेटियों को एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं तथा 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच एवं कैंसर स्क्रीनिंग करानी चाहिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के पोषण, बच्चों के नियमित टीकाकरण, पल्स पोलियो अभियान, संतुलित आहार तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार देना परिवार की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को मोबाइल फोन एवं सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से दूर रखते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं महापुरुषों के आदर्शों से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने किशोरियों को अच्छी शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने तथा गलत संगति से दूर रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान, विद्याशक्ति पहल एवं सीएसआर से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. बृजेंद्र सिंह, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र भिटौरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।