अयोध्या में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर चौराहा बनाने की पहल

अयोध्या, 22 जून । भारतीय जनता पार्टी अयोध्या महानगर इकाई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस 23 जून से उनकी जयंती 6 जुलाई तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सिविल लाइन स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रवाद, एकात्मता और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश की अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। भाजपा कार्यकर्ता उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित हैं। महानगर मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र ने बताया कि 23 जून को बलिदान दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी बस अड्डा स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलाएंगे तथा पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके अतिरिक्त महानगर सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। साथ ही महानगर के एक प्रमुख चौराहे का नामकरण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर किए जाने की भी योजना है। जिसके लिए चर्चा की जा रही है। महानगर के सभी बूथों पर पौधरोपण व स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। बैठक तिलकराम मौर्या, शशि प्रताप सिंह, हरभजन गौड, अरविन्द सिंह, रीना द्विवेदी, रवि सोनकर, रिव शर्मा, गरिमा मौर्या, यश पाठक बाबा, प्रांशु गुप्ता, स्वप्निल श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधकारी मौजूद रहे।

————