सूरजपुर : आयुष्मान महा-अभियान में 2637 नए कार्ड बने

सूरजपुर, 19 जून । आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिले में 17 से 19 जून तक चलाया गया ‘‘घर-घर आयुष्मान, हर घर आयुष्मान’’ महा-अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। तीन दिवसीय विशेष अभियान के दौरान आयुष्मान कार्ड से वंचित पात्र हितग्राहियों तक पहुंचकर उनके कार्ड बनाए गए, जिससे हजारों परिवारों को निशुल्क उपचार योजना का लाभ मिल सकेगा।

कलेक्टर रेना जमील के निर्देश तथा जिला पंचायत सीईओ एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों ने समन्वित रूप से कार्य किया।

अभियान के दौरान जिले में 2316 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड तथा 321 हितग्राहियों के वय वंदन कार्ड बनाए गए। इस तरह कुल 2637 नए कार्ड जारी किए गए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अब तक 7 लाख 58 हजार 930 आयुष्मान कार्ड तथा 13 हजार 714 वय वंदन आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।

विशेष अभियान के तहत टीमों ने घर-घर पहुंचकर, टोला-मोहल्लों में संपर्क कर तथा स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों के कार्ड बनाए। इसका उद्देश्य ऐसे परिवारों को योजना से जोड़ना था, जो अब तक किसी कारणवश आयुष्मान कार्ड नहीं बनवा सके थे।

अभियान को सफल बनाने में आयुष्मान मित्र, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), रोजगार सहायक, पंचायत सचिव, आरएचओ, एएनएम, एनआरएलएम की बैंक सखी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन तथा च्वाइस सेंटरों के वीएलई की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनके संयुक्त प्रयासों से बड़ी संख्या में छूटे हुए हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाया जा सका।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र परिवार सूचीबद्ध अस्पतालों में निर्धारित राशि तक निशुल्क उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। विभाग ने पात्र हितग्राहियों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।