शिमला, 29 जून । पूर्व केंद्रीय मंत्री, सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के दौरान हिमाचल प्रदेश को विकास की अभूतपूर्व सौगात मिली है। सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं ने प्रदेश के विकास को नई गति दी है।
शिमला प्रवास के दौरान सोमवार को विश्व प्रसिद्ध जाखू मंदिर में भगवान हनुमान के दर्शन करने के बाद अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वर्ष 2025-26 में हिमाचल प्रदेश के लिए 2,247 करोड़ रुपये की लागत वाली 294 ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि इनमें लगभग 2,019 करोड़ रुपये का केंद्रीय अंश शामिल है। उनके अनुसार केंद्र सरकार आपदा पुनर्निर्माण, पूंजीगत निवेश और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए भी प्रदेश को लगातार आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। साथ ही वित्त आयोग के माध्यम से करों में हिस्सेदारी और अन्य केंद्रीय सहायता भी हिमाचल को मिल रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश में स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने एम्स बिलासपुर, नए मेडिकल कॉलेजों, राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, रेलवे और सड़क संपर्क को मजबूत करने वाली परियोजनाओं, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से प्रदेश के लाखों परिवार लाभान्वित हुए हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और विकसित भारत के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जाखू मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं है, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देने वाला स्थान भी है। इसके बाद उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2014 में भारत दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, जबकि आज देश विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में करोड़ों लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है। उनके अनुसार बड़ी संख्या में परिवारों को पक्के घर, गैस कनेक्शन, शौचालय, बैंक खाते, नल से जल और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने कोविड-19 महामारी का मुकाबला किया, दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाया, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया और डिजिटल इंडिया अभियान के माध्यम से शासन व्यवस्था में पारदर्शिता लाई। उन्होंने कहा कि जी-20 की सफल अध्यक्षता के जरिए भारत का वैश्विक सम्मान भी बढ़ा है।
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी का स्पष्ट संकल्प है। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत उत्तराखंड में हो चुकी है और आने वाले समय में अन्य राज्यों में भी इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
पाकिस्तान से जुड़े एक प्रश्न पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि पाकिस्तान लगभग हर क्षेत्र में विफल राष्ट्र साबित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान अपनी आंतरिक समस्याओं और विफलताओं का दोष भारत पर मढ़ता रहा है। उन्होंने कहा कि भारत लगातार आगे बढ़ रहा है, जबकि पाकिस्तान अपनी नीतियों के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ता जा रहा है।