दयालपुर हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली, 17 जून । उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में कारोबारी और आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता मोहम्मद राशिद की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी भी बरामद की गई है, जो चोरी की निकली।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मामले की जांच के दौरान गठित विशेष टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों से जुटाए गए साक्ष्यों, तकनीकी जानकारी और अन्य सुरागों का गहन विश्लेषण किया। जांच के आधार पर पुलिस ने चांद बाग निवासी अयान और खजूरी खास निवासी इमरान को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों के पास से बरामद स्कूटी का इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने में किया गया था। विस्तृत जांच में पता चला कि यह स्कूटी नूर-ए-इलाही इलाके से चोरी की गई थी।

उल्लेखनीय है कि दयालपुर के नेहरू विहार क्षेत्र में सोमवार शाम मोहम्मद राशिद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि राशिद का कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। हत्या के पीछे की साजिश, मकसद और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। साथ ही आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके आपसी संबंधों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में और खुलासे होने की संभावना है।