नई दिल्ली, 29 जून । कोयंबटूर की ईश्वरी ग्लोबल मेटल इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिए फंड जुटाने के लिए पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया है। इसके शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने लिए प्रस्तावित हैं।
सेबी के समक्ष जमा मसौदा दस्तावेज के अनुसार कर्नाटक की ईश्वरी ग्लोबल मेटल इंडस्ट्रीज लिमिटेड कंपनी के 2 रुपये फेस वैल्यू वाले इस आईपीओ में 500 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे और मौजूदा शेयरहोल्डर्स एवं प्रमोटर्स की तरफ से 1.33 करोड़ शेयरों तक की बिक्री का प्रस्ताव (ओएफएस) भी शामिल है। इन प्रमोटर्स और शेयरहोल्डर्स में सी. भरनी कुमार, प्रदीप चंद्रशेखरन, प्रसथ चंद्रशेखरन, सबरीनाथन अनबलगन, हरि सुधन ए, नितिन अरुमुगम, पी. अनबलगन और पी. अरुमुगम शामिल हैं।
धातु रीसाइक्लिंग और विनिर्माण कर्नाटक की ईश्वरी ग्लोबल मेटल इंडस्ट्रीज लिमिटेड कंपनी बुक-रनिंग लीड मैनेजरों के साथ सलाह-मशविरा करके 100 करोड़ रुपये तक के प्री-आईपीओ प्लेसमेंट पर विचार कर सकती है। अगर प्री-आईपीओ प्लेसमेंट पूरा हो जाता है, तो फ्रेश इश्यू का साइज़ कम हो जाएगा। कंपनी नए इश्यू से मिलने वाली रकम में से 150 करोड़ रुपये का इस्तेमाल गुजरात के मुंद्रा में अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के दूसरे चरण के विस्तार के लिए होने वाले कैपिटल खर्च का कुछ हिस्सा चुकाने में करेगी, और 250 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज का समय से पहले भुगतान करने में करेगी।
उल्लेखनीय है कि 1987 में बनी ईश्वरी ग्लोबल मेटल इंडस्ट्रीज लिमिटेड एक इंटीग्रेटेड मल्टी-मेटल और वेस्ट रीसाइक्लिंग और वैल्यू-एडेड मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है। यह कंपनी नॉन-फेरस मेटल, प्लास्टिक और ई-वेस्ट स्क्रैप को रीसायकल करके वैल्यू-एडेड नॉन-फेरस मेटल प्रोडक्ट, जैसे लेड, टिन, एल्युमीनियम, कॉपर और प्लास्टिक प्रोडक्ट बनाने पर ध्यान देती है।