हिसार के चानाैत में ग्रामीणों को अलग लाइन से मिलेगा पानी,मुख्यमंत्री का फैसला

चंडीगढ़, 25 जून । पेयजल समस्या को लेकर आंदोलनरत हिसार के गांव चानौत के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हांसी वाली मौजूदा पाइपलाइन से गांव को पानी उपलब्ध कराना कानूनी रूप से संभव नहीं है और उस लाइन में ‘टी’ लगाकर जलापूर्ति की अनुमति नहीं दी जा सकती।

मुख्यमंत्री ने गांव की कमेटी को आश्वस्त किया कि चानौत के लिए अलग पाइपलाइन के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने की योजना पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद गांव को नियमित और स्थायी जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक के दौरान कमेटी सदस्यों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे स्वयं गांव का दौरा कर ग्रामीणों को स्थिति से अवगत कराएं तथा चल रहे धरने को समाप्त करवाने में सहयोग करें। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब अलग पाइपलाइन के माध्यम से पानी की व्यवस्था पूरी हो जाएगी, तब वे गांव का दौरा करेंगे।

गांव चानौत के सरपंच एवं कमेटी सदस्य हिमांशु ने बताया कि जनस्वास्थ्य मंत्री रणवीर सिंह गंगवा और क्षेत्र के विधायक अगले एक-दो दिनों में गांव पहुंचेंगे। वे ग्रामीणों से संवाद कर सरकार की योजना और प्रस्तावित जल व्यवस्था की जानकारी देंगे तथा धरना समाप्त कराने का प्रयास करेंगे।

बता दें कि गांव चानौत में पेयजल संकट को लेकर पिछले कुछ समय से ग्रामीण आंदोलन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक के बाद अलग पाइपलाइन से पानी उपलब्ध कराने के आश्वासन को विवाद के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।