ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध कराएं डिजिटल सेवा का लाभ : उपायुक्त

समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी (डीईजीएस), मोबाइल टावर और कनेक्टिविटी कमेटी की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले के सभी प्रखंड और पंचायत भवनों में स्थापित भारतनेट और झारनेट कनेक्शनों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान झारसेवा एवं कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही ऑनलाइन सेवाओं की कार्यप्रणाली पर चर्चा की गई।

उपायुक्त ने जिला पंचायती राज विभाग को निर्देश दिया कि सभी क्रियाशील भारतनेट कनेक्शनों का शीघ्र रिचार्ज कर उन्हें नियमित रूप से संचालित किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं का लाभ लोगों तक सुचारू रूप से पहुंच सके।

उपायुक्त ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को झारसेवा पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन और त्वरित सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और नागरिकों को शीघ्र सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।

बैठक में जिले के डार्क जोन गांवों और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

उपायुक्त ने बीएसएनएल के प्रतिनिधि को ऐसे क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीण आबादी को बेहतर संचार सुविधाएं मिल सकें।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, अपर समाहर्ता सुषमा लकड़ा, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, डीसीएलआर, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।