नीट पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का युवा आक्रोश मार्च 08 को

धनबाद, 06 जून । नीट (यूजी) पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसे लेकर 08 जून को धनबाद में युवा कांग्रेस का बड़ा आक्रोश मार्च आयोजित किया जाएगा। इस मार्च का नेतृत्व राष्ट्रीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान करेंगे।

धनबाद के आईआईटी (आईएसएम) मुख्य गेट से शुरू होने वाला यह मार्च रणधीर वर्मा चौक तक जाएगा। कार्यक्रम में धनबाद जिला युवा कांग्रेस के साथ-साथ पूरे झारखंड से कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र शामिल होंगे।

शनिवार को धनबाद परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सिंह और प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झारखंड-बंगाल सीमा पर राष्ट्रीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान के स्वागत की तैयारी की गई है और करीब पांच हजार युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीट पेपर लीक के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन के तहत यह आक्रोश मार्च आयोजित किया जा रहा है। उनका दावा है कि यह रैली ऐतिहासिक होगी और देश की शिक्षा व्यवस्था एवं युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। उदयभान का धनबाद में 08 और 09 जून का दो दिवसीय दौरा निर्धारित है, जिसमें राज्यभर के कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।