आपसी विवाद में फूंक दी दुकान, मकान को भी नुकसान

पलामू, 19 जून । जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सब्जी मार्केट में लादीगढ़ कॉम्प्लेक्स के पास आपसी विवाद में दुकान और मकान में आग लगा देने का मामला सामने आया है। दुकान और मकान अविनाश प्रकाश विश्वकर्मा की बताई गई है। घटना शुक्रवार तडके सुबह हुई।

अविनाश ने शहर थाना पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए दुकान के बाहर सब्जी बेचने वाले पहाड़ी मुहल्ला की अफसाना खातून, सोनी बीवी और लड्डू राईन पर दुकान में आग लगाने का आरोप लगाया है। मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने कहा कि मामले में अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इधर, दुकान में आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आसपास की दुकानों को जलने से बचाया गया। अविनाश के अनुसार आग से 50 हजार की संपति जलकर नष्ट हुई है।

अविनाश प्रकाश ने बताया कि उनके घर के सामने टोकरी में सब्जी बेचने वाले तीन लोगों से लंबे समय से रास्ता अतिक्रमण को लेकर विवाद चल रहा है। अफसाना खातून, सोनी बीवी और लड्डू राईन उन्हें कई बार जान से मारने और आग लगाने की धमकी दी थी। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि इन्हीं लोगों ने उनकी दुकान में आग लगाई होगी।

अविनाश के अनुसार, उनके मकान और दुकान के सामने निकलने वाले रास्ते पर उक्त लोग सब्जी की टोकरी लगाकर अतिक्रमण कर देते थे, जिससे आवागमन में हमेशा परेशानी होती थी। इस संबंध में उन्होंने वर्ष 2023 में जनता दरबार में आवेदन दिया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई कर कुछ दिनों के लिए रास्ता खाली कराया था। बाद में फिर से दुकानें लगने लगीं।

उन्होंने बताया कि 01 अगस्त 2025 को दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस ने दोबारा रास्ता खाली कराया था, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो गई। इस संबंध में अप्रैल 2026 में पलामू एसपी को आवेदन देकर शिकायत की गई थी। इसके बाद संबंधित लोगों को थाना लाया गया, लेकिन बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया गया। अगर कार्रवाई की गयी होती तो उनका मनोबल नहीं बढ़ता और घटना नहीं होती। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।