भोपाल, 18 जून । मध्य प्रदेश में मानसून के पहुंचने में अभी और समय लग सकता है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून 22 से 24 जून के बीच एंटर कर सकता है। फिलहाल मानसून पश्चिमी तट पर 8 जून से ही अटका हुआ है और अभी तक मुंबई तक भी नहीं पहुंच पाया है। ऐसे में यह छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के बाद मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगा।
प्रदेश में मानसून से पहले गर्मी का असर भी बढ़ता दिख रहा है और अगले तीन दिनों तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जून महीने की बारिश के आंकड़े भी कमजोर हैं। मौसम विभाग के अनुसार 1 से 17 जून के बीच सामान्यतः प्रदेश में औसतन 41.6 मिमी (करीब 1.6 इंच) बारिश होती है, लेकिन इस बार केवल लगभग 1 इंच बारिश ही दर्ज की गई है। यह सामान्य से करीब 37 प्रतिशत कम है।
सबसे चिंताजनक स्थिति आलीराजपुर जिले की है, जहां इस अवधि में बारिश दर्ज ही नहीं की गई है, यानी आंकड़ा शून्य रहा है। इसके अलावा बालाघाट, दमोह, कटनी, मैहर, रीवा, शहडोल, टीकमगढ़, बड़वानी, भिंड, दतिया, धार और खरगोन जैसे जिलों में भी बेहद कम बारिश हुई है, जहां 12.5 मिमी (आधा इंच से भी कम) पानी दर्ज किया गया है।
दूसरी ओर, भोपाल एकमात्र ऐसा जिला रहा जहां औसत से अधिक बारिश दर्ज की गई है। यहां 91.9 मिमी (लगभग साढ़े 3 इंच से ज्यादा) वर्षा हुई है। वहीं आगर-मालवा, बुरहानपुर, देवास, गुना, हरदा, इंदौर, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, विदिशा, डिंडौरी, सतना और सीधी सहित कई जिलों में 1 से ढाई इंच के बीच बारिश रिकॉर्ड की गई है।
इस बीच बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर देखने को मिला। भोपाल और राजगढ़ में आधा इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। बैतूल, गुना, इंदौर और छिंदवाड़ा में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश और बादलों के असर से कई जगह तापमान में गिरावट भी देखी गई। बैतूल में एक ही दिन में तापमान 10 डिग्री गिरकर 26.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं शिवपुरी-पचमढ़ी में 34 डिग्री, छिंदवाड़ा में 35.9 डिग्री, रायसेन में 26.6 डिग्री, सागर में 37 डिग्री, नर्मदापुरम में 37.2 डिग्री, श्योपुर-धार में 37.4 डिग्री और मंडला में 37.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के प्रमुख शहरों में भोपाल में 34.8 डिग्री, इंदौर में 37.2 डिग्री, उज्जैन में 39 डिग्री, जबलपुर में 39.3 डिग्री और ग्वालियर में 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने गुरुवार को रतलाम, छिंदवाड़ा और बालाघाट में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं ग्वालियर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, अशोकनगर, विदिशा, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, जबलपुर, सिवनी, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके साथ ही भोपाल, इंदौर, उज्जैन, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन, शाजापुर, देवास, सीहोर, रायसेन, सागर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया और शहडोल में गर्मी का असर बना रहेगा।