सियोल, 29 जून । उत्तर कोरिया ने सोमवार को जापान की ग्राउंड सेल्फ-डिफेंस फोर्सेज और अमेरिकी मरीन कॉर्प्स के बीच चल रहे संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘रिजोल्यूट ड्रैगन’ की कड़ी आलोचना करते हुए इसे “युद्ध का रिहर्सल” करार दिया।
दक्षिण कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी योनहाप न्यूज ने कोरियाई सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) के हवाले से बताया कि उत्तर कोरिया ने इस अभ्यास में भागीदारी को लेकर जापान पर अपनी “हमला करने की क्षमता” बढ़ाने का आरोप लगाया है।
केसीएनए में प्रकाशित एक संपादकीय में दावा किया गया कि अमेरिका के साथ सैन्य सहयोग मजबूत कर जापान क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति को और अस्थिर बना रहा है। संपादकीय में फरवरी में आयोजित अमेरिका-जापान के संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘आयरन फिस्ट’ का भी उल्लेख किया गया।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि अप्रैल और मई में एशिया-प्रशांत क्षेत्र में अमेरिका के नेतृत्व वाले बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में जापान की पहली भागीदारी के दौरान लंबी दूरी की मिसाइलों का परीक्षण किया गया। उत्तर कोरिया का आरोप है कि यह पड़ोसी देशों पर पहले हमला करने की क्षमता विकसित करने की रणनीति का हिस्सा है।
केसीएनए ने यह भी आरोप लगाया कि जापान मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों का उपयोग खुद को “युद्ध करने वाले देश” में बदलने को उचित ठहराने के लिए कर रहा है। साथ ही उसने चेतावनी दी कि यदि टोक्यो अपनी “लापरवाह” सैन्य नीति जारी रखता है, तो उसका “दुखद अंत” हो सकता है।