देवरिया में व्यापारी कल्याण दिवस पर उत्कृष्ट करदाताओं का हुआ सम्मान

देवरिया, 29 जून । राज्य कर विभाग, देवरिया द्वारा सोमवार को दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर जिले के विकास भवन स्थित गांधी सभागार में व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट करदाताओं को सम्मानित किया गया तथा मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं दानवीर भामाशाह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। व्यापारियों द्वारा ईमानदारी से जमा किए गए कर से सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन और आधारभूत सुविधाओं का विकास करती है। उन्होंने दानवीर भामाशाह के त्याग, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा के आदर्शों को वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

इस अवसर पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में सर्वाधिक राज्य कर (नेट एसजीएसटी) जमा करने वाले जनपद के 10 उत्कृष्ट करदाताओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यापारियों में गणेश ऑटो सेल्स, पूर्वांचल मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड, विराज कंस्ट्रक्शन, प्रिंस कंस्ट्रक्शन, देवराही सॉल्वेंट एक्सट्रैक्शन प्राइवेट लिमिटेड, काशीनाथ बर्नवाल एंड संस, अन्वी एंटरप्राइजेज, दुल्हन साड़ी कलेक्शन, ओम प्रकाश उपाध्याय ठेकेदार तथा माँ वैष्णो ट्रेडर्स शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के तहत सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए राजू यादव, फर्म स्वामी महालक्ष्मी कंस्ट्रक्शन की पत्नी संध्या यादव को विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि यह योजना संकट की घड़ी में व्यापारी परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम में उपायुक्त राज्य कर विवेक कुमार मिश्रा, राजेश प्रताप सिंह, अमित कुमार सिंह सहित विभाग के अधिकारी, व्यापारी प्रतिनिधि, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पंकज शुक्ला ने किया।