पांचना बांध विवाद पर सभी पक्षों से वार्ता कर निकाले सरकार समाधान : सचिन पायलट

जयपुर, 18 जून । कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने पांचना बांध विवाद को लेकर राज्य सरकार से सभी पक्षों के साथ संवाद स्थापित कर समाधान निकालने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पानी सभी की जरूरत है और किसी भी परिस्थिति में तनाव या भाईचारे में खटास की स्थिति नहीं बननी चाहिए।

पायलट ने कहा कि पांचना बांध का मुद्दा लंबे समय से विवाद का विषय बना हुआ है और इससे जुड़े विभिन्न पक्षों की अपनी-अपनी चिंताएं एवं मांगें हैं। उन्होंने विशेष रूप से नदी किनारे बसे 360 गांवों के किसानों की चिंताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि वह सभी पक्षों को विश्वास में लेकर बातचीत करे तथा उच्च न्यायालय के आदेश की पालना सुनिश्चित करते हुए सर्वमान्य समाधान निकाले।

इस दौरान उन्होंने देश की शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हाल ही में कोटा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हजारों विद्यार्थियों के बीच शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े जिन मुद्दों को उठाया, वे देश के युवाओं की वास्तविक चिंताओं को सामने लाते हैं।

पायलट ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं, कोचिंग व्यवस्था और निजी संस्थानों का सबसे अधिक आर्थिक और मानसिक बोझ मध्यमवर्गीय तथा ग्रामीण परिवारों पर पड़ रहा है। लाखों रुपये खर्च करने और वर्षों तक कठिन परिश्रम करने के बाद भी अधिकांश युवाओं को सफलता नहीं मिल पाती, जिससे उनके सामने रोजगार और भविष्य की अनिश्चितता खड़ी हो जाती है।

उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थी वर्षों की तैयारी के बाद परीक्षा देते हैं और फिर पेपर लीक, परीक्षा निरस्त होने, मूल्यांकन में गड़बड़ी और अन्य अनियमितताओं का सामना करते हैं, तो उनके मन में व्यवस्था के प्रति निराशा और अविश्वास पैदा होता है। कई युवा मानसिक तनाव का शिकार हो जाते हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है।

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं। परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और बार-बार बदलती प्रक्रियाओं से विद्यार्थियों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को यह भरोसा होना चाहिए कि परीक्षा प्रणाली निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह है तथा किसी भी अनियमितता की स्थिति में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

सब इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती परीक्षा को लेकर पायलट ने कहा कि देश के लगभग 14-15 राज्यों में एसआई भर्ती से इंटरव्यू की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जितने कम इंटरव्यू होंगे, उतनी ही कम छेड़छाड़ और अनियमितताओं की संभावना रहेगी। जब देश के कई राज्यों में केवल मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया लागू है, तो राजस्थान में अब तक इंटरव्यू प्रणाली समाप्त क्यों नहीं की गई।

उन्होंने मांग की कि राजस्थान सरकार एसआई भर्ती में इंटरव्यू प्रणाली समाप्त कर केवल मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया लागू करे, ताकि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और युवाओं का विश्वास कायम रह सके।