पशुचर भूमि से अवैध खनन का आरोप

हाथरस, 17 जून । उत्तर प्रदेश में हाथरस जिले के सादाबाद तहसील क्षेत्र स्थित गांव जैतई में पशुचर भूमि से कथित अवैध मिट्टी खनन का मामला सामने आया है। गढ़ी नोकस भाग, जैतई निवासी सुनील ठाकुर ने एसडीएम को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर इस पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता सुनील ठाकुर के अनुसार, मौजा जैतई के गाटा संख्या-1230, जो सरकारी पशुचर भूमि के रूप में दर्ज है, वहां से लगातार अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि ग्राम करैया के कुछ लोग इस खनन कार्य में शामिल हैं। प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि संबंधित लोग दबंग प्रवृत्ति के हैं और उन्हें प्रशासनिक कार्रवाई का कोई भय नहीं है, जिसके कारण खुलेआम खनन हो रहा है।

सुनील ठाकुर ने दावा किया है कि इस अवैध खनन से सरकारी भूमि को नुकसान पहुंच रहा है और शासन को राजस्व की भी क्षति हो सकती है। उनके पास कथित अवैध खनन से संबंधित वीडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं। सुनील ठाकुर ने एसडीएम से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। अवैध मिट्टी खनन को तत्काल प्रभाव से रुकवाया जाए तथा जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस संबंध में एसडीएम मनीष चौधरी ने बताया कि उक्त प्रकरण की जांच कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खनन अधिकारी का नाम गलत तरीके से घसीटा गया है। एसडीएम ने कहा कि यदि सरकारी भूमि से खनन पाया जाता है, तो निश्चित रूप से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।