भीमताल झील किनारे मुख्यमंत्री धामी ने किया पौधरोपण, कहा- प्रकृति संरक्षण सामूहिक दायित्व

नैनीताल, 05 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल झील परिक्षेत्र में पौधरोपण कर झील सौंदर्यीकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के अंतर्गत झील के किनारे बोगनबेलिया के पौधे लगाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को सामूहिक दायित्व बताते हुए अधिकाधिक पौधरोपण, जल स्रोतों के संरक्षण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता तथा प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झीलों के संरक्षण और संवर्धन को राज्य सरकार प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने अपनी माता बिसना देवी के नाम से बोगनबेलिया का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन, जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अपनी स्वर्गीय माता रेवती देवी की स्मृति में पौधरोपण किया। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने अपनी माता सावित्री रावत, नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अपनी माता उमा देवी रयाल, मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं तेजस्विनी अरविंद पाटील ने अपनी स्वर्गीय माता मीना अरविंद पाटील की स्मृति में, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने अपनी माता नागिंदी पांडे तथा वन संरक्षक नितीश मणि त्रिपाठी ने अपनी माता नीलम मणि त्रिपाठी के नाम से पौधरोपण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और जीवनशैली का प्रकृति से गहरा संबंध रहा है और झीलों की विशिष्ट पहचान को सुरक्षित रखने के लिए ऐसे अभियान महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार, 34वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट हेमंत कुमार, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, एपीडी चंद्रा फर्त्याल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और प्रकृति प्रेमी उपस्थित रहे।