खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को दी गई योजनाओं की जानकारी

हरिद्वार, 08 जून । विकासखंड भगवानपुर के ग्राम खेड़ी शिकोहपुर में खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत एक कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने प्रतिभाग कर किसानों को कृषि संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।

कार्यक्रम में सहायक कृषि विभाग, न्याय पंचायत प्रभारी, विकासखंड प्रभारी भगवानपुर, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी रुड़की, कृषि विज्ञान केंद्र धनौरी, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, सहकारिता विभाग, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना व इफको के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

गोष्ठी के दौरान कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी मोहम्मद ताहिर ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए खेत बचाओ अभियान के उद्देश्यों पर किसानों के साथ विस्तार से चर्चा की। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र धनौरी के डॉ. योगेंद्र पाल सैनी ने मृदा स्वास्थ्य, प्राकृतिक खेती व जैविक खेती के बारे में बताया और किसानों को आधुनिक व टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इसके अतिरिक्त उद्यान, पशुपालन, सहकारिता विभाग, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा इफको के प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रगतिशील कृषक कैलाश चंद ने की, जबकि संचालन विकासखंड प्रभारी भगवानपुर दिनेश कुमार द्वारा किया गया। गोष्ठी में उपस्थित किसानों ने कृषि विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।