देहरादून, 14 जून (हि. स.)। उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने विकासनगर में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कठोरतम सजा दिलाई जाएगी।
भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने रविवार को एक बयान में कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पर किया गया सुनियोजित और कायराना हमला बेहद दुखद और निंदनीय है। उन्होंने दिवंगत कार्यकर्ता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कानून से ऊपर कोई नहीं है। सरकार ने घटना के बाद त्वरित और सख्त कार्रवाई की है, जो उसकी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का स्पष्ट संकेत है।
भट्ट ने कहा कि घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में स्वाभाविक आक्रोश है, लेकिन सभी कार्यकर्ताओं से धैर्य बनाए रखने और न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड की शांति, सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध, भू-माफियाओं और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सरकार का अभियान आगे भी पूरी मजबूती से चलता रहेगा और दोषियों को कानून के दायरे में लाकर कड़ी सजा दिलाई जाएगी।