देहरादून, 16 जून (हि. स.)। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत सात जिलों के 13 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने मात्र आठ दिन में गणना फार्म वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर मिसाल पेश की है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सभी बीएलओ को समय से पहले कार्य पूर्ण करने पर बधाई दी है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 8 जून से शुरू हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सभी कार्मिक पूरी मेहनत और समर्पण के साथ जुटे हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय से पहले कार्य पूरा करने वाले बीएलओ अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे और अभियान को गति मिलेगी। पहले चरण में कार्य पूर्ण करने वालों में अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधानसभा के रमेश पुजारी और पुष्पा देवी, चमोली जिले की बदरीनाथ विधानसभा के पान सिंह नेगी और कर्णप्रयाग विधानसभा के हरीश नैनवाल शामिल हैं। देहरादून जिले की चकराता विधानसभा क्षेत्र की मीनाक्षी रावत ने भी यह उपलब्धि हासिल की है।
इसके अलावा पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के गब्बर सिंह, संगीता रावत और विजय बिष्ट, पिथौरागढ़ जिले की डीडीहाट विधानसभा के कर्ण बहादुर कार्की और जानकी चंद, रुद्रप्रयाग जिले की केदारनाथ विधानसभा की उषा रावत और निर्मला देवी तथा टिहरी गढ़वाल जिले की धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र की सुमन ने गणना फार्म वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है।