बिहार के श्रम संसाधन मंत्री अरुण प्रसाद ने मां विंध्यवासिनी का लिया आशीर्वाद

मीरजापुर, 10 जून । बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री अरुण प्रसाद बुधवार को अपने परिवार के साथ विश्व विख्यात मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

मंत्री अरुण प्रसाद के आगमन पर मंदिर प्रशासन एवं तीर्थ पुरोहितों ने उनका स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तीर्थ पुरोहित विकास शुक्ला ने पूरे विधि-विधान से पूजन-अर्चन संपन्न कराया। इस दौरान मंत्री ने मां विंध्यवासिनी के चरणों में शीश नवाकर विशेष पूजा-अर्चना की और मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।

दर्शन-पूजन के दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भी मंत्री के आगमन पर उनका अभिनंदन किया।

मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन के उपरांत मंत्री अरुण प्रसाद ने कहा कि विंध्य धाम देश के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक है और यहां आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति की अनुभूति हुई। उन्होंने मां विंध्यवासिनी से सभी नागरिकों के कल्याण और उन्नति की प्रार्थना की।