शहरी सेवा शिविरों में आवासन मंडल ने 309 प्रकरणों का किया निस्तारण

जयपुर, 18 जून । प्रदेशभर में आयोजित शहरी सेवा शिविर सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा की प्रभावी मिसाल बनकर उभर रहे हैं। राजस्थान आवासन मंडल ने इन शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करते हुए अब तक 16 प्रकार की सेवाओं से जुड़े 309 प्रकरणों का निस्तारण किया है। साथ ही पात्र नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

आवासन आयुक्त अरविंद पोसवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप आयोजित शहरी सेवा शिविरों में नागरिकों की वर्षों से लंबित समस्याओं का भी मौके पर समाधान किया जा रहा है। शिविरों में पारदर्शी और सरल प्रक्रिया के माध्यम से लोगों को राहत प्रदान की जा रही है, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक निस्तारित 309 प्रकरणों में अहस्तांतरित कॉलोनियों में सफाई, सड़क, सीवर लाइन और रोड लाइट मरम्मत से संबंधित 4 प्रकरण, नाम हस्तांतरण के 18, पूर्ण राशि जमा होने पर अदेयता प्रमाण पत्र के 4, कब्जा पत्र जारी करने का 1, भवन मानचित्र पंजीयन के 9, आवास पंजीयन के 7, बकाया राशि संबंधी 204, एकमुश्त लीज पत्र के 38, फ्री होल्ड प्रमाण पत्र के 23 तथा अतिरिक्त भू-पट्टी आवंटन का 1 प्रकरण शामिल है।

पोसवाल ने कहा कि शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराना और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करना है। आवासन मंडल द्वारा शिविरों में प्राप्त प्रकरणों की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि नागरिकों को समयबद्ध राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि मंडल भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करता रहेगा तथा आमजन को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।