घायल पति की इलाज के दौरान मौत, प्रेमी से बात करने के विरोध में पत्नी ने मारी थी चाकू, गिरफ्तार

कानपुर, 16 जून । फीलखाना थाना क्षेत्र में पत्नी द्वारा चाकू मारने के आरोप में घायल हुए युवक की 11 दिन बाद मंगलवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा बढ़ाते हुए आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

बालाजी धाम निवासी मनीष गुप्ता ने वर्ष 2017 में निहारिका कश्यप से प्रेम विवाह किया था। दोनों का छह वर्षीय बेटा है। परिजनों के अनुसार पिछले कुछ समय से दोनों के बीच रिश्तों को लेकर तनाव चल रहा था और अक्सर विवाद होता रहता था।

परिजनों ने बताया कि मनीष गुप्ता और उसकी पत्नी निहारिका कश्यप के बीच पांच जून की दोपहर विवाद हुआ था। आरोप है कि निहारिका किसी युवक से मोबाइल फोन पर बात कर रही थी, जिसका मनीष ने विरोध किया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपित निहारिका ने कथित रूप से सब्जी काटने वाले चाकू से मनीष के पेट में वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल मनीष को पहले केपीएम अस्पताल और बाद में हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

11 दिनों तक चले उपचार के दौरान मनीष की मौत हो गई। घटना के बाद दर्ज जानलेवा हमले के मुकदमे में पुलिस ने हत्या की धारा बढ़ा दी।

मृतक के पिता रामकिशोर गुप्ता ने आरोप लगाया कि उनकी बहू के जम्मू निवासी एक युवक से पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे। उनका कहना है कि घटना के समय भी निहारिका उसी युवक से बात कर रही थी, जिसका विरोध करने पर विवाद हुआ। परिजनों का आरोप है कि इसी वजह से पति-पत्नी के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था।

फीलखाना थाना प्रभारी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि घायल की मृत्यु के बाद मुकदमे में हत्या की धारा जोड़ी गई है। पूछताछ के बाद आरोपित महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।