राखी बाजार से महिला सशक्तिकरण को मिलेगी नई पहचान : जिलाधिकारी

कानपुर, 17 जुलाई । महिलाओं के स्वावलंबन और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने वाले आयोजनों से समाज को नई दिशा मिलती है। अर्पिता महिला मंडल की ओर से आयोजित राखी बाजार इसी उद्देश्य की सार्थक पहल है। यह बातें शुक्रवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने अर्पिता महिला मंडल के राखी बाजार के उद्घाटन के दौरान कहीं।

अर्पिता महिला मंडल की ओर से आयोजित दो दिवसीय राखी बाजार का शुभारंभ शुक्रवार को सेंट्रल स्थित किंग्सटन लॉन में हुआ। कार्यक्रम में शहर की महिलाओं द्वारा तैयार की गई आकर्षक एवं हस्तनिर्मित राखियां लोगों के लिए प्रदर्शित की गईं। शनिवार को आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि आईआरएस एवं केस्को की प्रबंध निदेशक नेहा जैन उपस्थित रहेंगी।

उल्लेखनीय है कि अर्पिता महिला मंडल पिछले तीन दशकों से महिला एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। संस्था समय-समय पर विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती है। राखी बाजार से होने वाली आय का उपयोग संस्था द्वारा संचालित जनहित कार्यों में किया जाएगा। संस्था जागृति सेंटर के माध्यम से डायबिटीज सेंटर, होम्योपैथिक क्लीनिक, सहयोग केंद्र, लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर जैसे सेवा कार्य भी संचालित करती है।

अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्ष चित्रांशी अग्रवाल ने बताया कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि राखी बाजार इसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।