अलवर, 14 जुलाई । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने अलवर में बड़ी कार्रवाई करते हुए अरावली विहार थाना में तैनात सहायक उप निरीक्षक शंकर लाल शर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सोमवार को एसीबी चौकी अलवर प्रथम की टीम ने की।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके पुत्र के खिलाफ अरावली विहार थाने में दर्ज एक मुकदमे की जांच कर रहे शंकर लाल शर्मा मुकदमे से उसके बेटे का नाम निकालने, मारपीट नहीं करने और मदद करने की एवज में 25 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।
शिकायत के अनुसार आरोपित 13 जुलाई को परिवादी के घर पहुंचा, जहां उसने 5 हजार रुपये ले लिए और शेष 20 हजार रुपये शाम तक लाने का दबाव बनाया। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपित द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत लेना तथा शेष 10 हजार रुपये की मांग करना सही पाया गया।
इसके बाद उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन तथा एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी एवं उप अधीक्षक शब्बीर खान के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपित शंकर लाल शर्मा को सहपरिवादी से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी ने आरोपित से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।