पानीपत, 27 जुलाई । पानीपत के गांव बांध में साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति के मोबाइल फोन पर आए एक अनजान लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से 71 हजार 100 रुपए की राशि साफ हो गई। पीड़ित व्यक्ति ने धोखाधड़ी की इस वारदात की शिकायत तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर दर्ज कराई, जिसके बाद अब इसराना थाना पुलिस को लिखित दरखास्त देकर अज्ञात साइबर जालसाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गंवाए गए पैसे वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान श्रवण कुमार के रूप में हुई है, जो पानीपत जिले के गांव बांध का निवासी हैं। पीड़ित श्रवण कुमार ने इसराना थाना प्रभारी को दी अपनी शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल फोन पर एक अनजान लिंक आया था। जैसे ही उन्होंने उस लिंक पर क्लिक किया या उसे प्रोसेस किया, उनके बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आने शुरू हो गए। दिनांक 24 फरवरी को साइबर अपराधियों ने धोखाधड़ी करते हुए उनके खाते से कुल 71,100 रुपए की राशि उड़ा ली। पीड़ित को जब तक कुछ समझ आता, तब तक उनके खाते से पूरी रकम साफ हो चुकी थी। अपने साथ हुई इस साइबर ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने बिना कोई समय गंवाए तुरंत 26 फरवरी को साइबर अपराध पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया। हेल्पलाइन पर उनकी शिकायत दर्ज की गई। हेल्पलाइन शिकायत दर्ज कराने के बाद, पीड़ित ने 25 जुलाई को इसराना थाना पुलिस में लिखित शिकायत दी है।