देवरिया, 10 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पथरहट (गौरी बाजार) के निरीक्षण के दौरान मिली गड़बड़ियों पर खंड शिक्षा अधिकारी को कड़ी चेतावनी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वह अपनी कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाएं, अन्यथा भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा विद्यालय का प्रभावी पर्यवेक्षण नहीं किया जा रहा था। विद्यालय की निरीक्षण पंजिका में उनके भ्रमण अथवा निरीक्षण का कोई उल्लेख दर्ज नहीं मिला। इसके अलावा शिक्षक-अभिभावक बैठक (पीटीएम) के आयोजन से संबंधित कोई प्रविष्टि भी अभिलेखों में अंकित नहीं पाई गई।
इन कमियों को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी तय की और उन्हें चेतावनी जारी की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों का नियमित निरीक्षण, अभिलेखों का अद्यतन रखरखाव तथा शैक्षणिक गतिविधियों की सतत निगरानी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए और निरीक्षण से संबंधित सभी विवरण निर्धारित पंजिकाओं में अनिवार्य रूप से दर्ज किए जाएं, ताकि शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता और जवाबदेही बनी रहे।