खूंटी , 27 जुलाई । उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिले की विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुल-पुलिया, सड़क, भवन सहित अन्य निर्माणाधीन योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न विभागों के पूर्ण और अपूर्ण कार्यों की जानकारी लेते हुए लंबित योजनाओं के कारणों पर संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने सभी कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि निर्माणाधीन योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए और कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाए।
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पथ निर्माण विभाग, एनआरईपी, भवन निगम, भवन प्रमंडल सहित विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित सड़क, पुल-पुलिया, अस्पताल भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं में तेजी लाने, नियमित मॉनिटरिंग करने और तय समय पर कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही अनटाइड फंड का प्रभावी एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला योजना पदाधिकारी, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग, भवन प्रमंडल, एनआरईपी, पथ प्रमंडल सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।