एमजीएम के होमगार्ड और आउटसोर्सिंग कर्मियों का बकाया वेतन मिलेगा जल्द : सरयू

पूर्वी सिंहभूम, 18 जुलाई । विधायक सरयू राय ने कहा है कि एमजीएम अस्पताल में कार्यरत होमगार्ड जवानों और आउटसोर्सिंग कर्मियों को पिछले कई महीनों से लंबित वेतन का भुगतान जल्द कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी से उनकी बातचीत हुई है। मंत्री ने आश्वस्त किया है कि बकाया वेतन का भुगतान जल्द कराया जाएगा और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों की भी नियुक्ति की जाएगी।

सरयू राय ने कहा कि हाल ही में वे उस महिला होमगार्ड जवान से मिलने एमजीएम अस्पताल पहुंचे थे, जिसने कई महीनों तक वेतन नहीं मिलने से उत्पन्न आर्थिक तंगी के कारण फिनाइल पी लिया था। इस दौरान अस्पताल के अन्य होमगार्ड जवानों और आउटसोर्सिंग कर्मियों ने भी उन्हें बताया कि पिछले पांच महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

इसके बाद उन्होंने लगातार दो दिनों तक अस्पताल के अधीक्षक और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि कुछ आउटसोर्सिंग कर्मियों को एजेंसी की ओर से आंशिक भुगतान किया गया है, लेकिन होमगार्ड जवानों को अब तक कोई वेतन नहीं मिला है।

विधायक ने नगर निकायों में कार्यरत सफाईकर्मियों की समस्याओं को भी गंभीर बताते हुए कहा कि जेएनएसी के कई सफाईकर्मियों ने उनसे शिकायत की है कि उन्हें सरकार की ओर से निर्धारित न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने नगर विकास मंत्री से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर सभी श्रमिकों को समय पर निर्धारित मजदूरी दिलाने की मांग की। सरयू राय ने चेतावनी दी कि यदि श्रमिकों के अधिकारों की अनदेखी जारी रही तो उनके समर्थन में आंदोलन किया जाएगा।