पूर्वी सिंहभूम, 26 जुलाई । राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि झारखंड में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और पिछड़े, दलित, किसानों, युवाओं तथा वंचित वर्गों को पार्टी से जोड़ने के लिए जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर संगठन का तेजी से विस्तार किया जाएगा। वे रविवार को जमशेदपुर के कीताडीह स्थित यादव क्लब में आयोजित पूर्वी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां जिलों के संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
सुनील साहू ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत उसके समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर की समितियों का गठन कर संगठन को हर बूथ तक सक्रिय बनाया जाए। उन्होंने कहा कि अनुशासन, एकजुटता और निरंतर जनसंपर्क के माध्यम से ही राजद झारखंड में मजबूत राजनीतिक विकल्प बन सकता है।
सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष (बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ) जनार्दन कुमार ने कहा कि संगठन की मजबूती ही किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी पूंजी होती है। उन्होंने पदाधिकारियों से गुटबाजी से दूर रहकर जिला नेतृत्व का सम्मान करने और संगठन के विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यक्ति से बड़ा संगठन, संगठन से बड़ी विचारधारा और विचारधारा से बड़ा जनता का विश्वास होता है, इसलिए सभी पदाधिकारियों को सामूहिक भावना के साथ कार्य करना चाहिए।
सम्मेलन के दौरान संगठन विस्तार के तहत वरिष्ठ राजद नेता शशि कुमार को राजद ओबीसी प्रकोष्ठ, पूर्वी सिंहभूम का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया। प्रदेश अध्यक्ष सुनील साहू ने उन्हें मनोनयन पत्र सौंपते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जिले में संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीराम यादव, प्रदेश सचिव राजेश यादव, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव अधिवक्ता डी.एन. शर्मा, सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष बैजू कुमार, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सिंटू पांडेय, जिला उपाध्यक्ष कन्हैया यादव, परिवहन प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष परवेज अहमद, युवा जिला अध्यक्ष नवीन कुमार, अधिवक्ता श्यामसुंदर यादव, अरविंद ठाकुर, वीरेंद्र कुमार, बिंदेश्वरी यादव, संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।