खूंटी, 11 जुलाई । तपकारा थाना क्षेत्र स्थित संत जोसेफ इंटर कॉलेज, तोरपा में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने कॉलेज के कार्यालय और स्टोर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे कंप्यूटर, प्रिंटर, माइक सहित अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए।
घटना के दौरान चोर ताला तोड़ने के लिए अपने साथ हथौड़ा और लोहे का रॉड लेकर आए थे। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद वे इन औजारों को घटनास्थल पर ही छोड़कर चले गए। चोरों ने कार्यालय और स्टोर में रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया। कार्यालय की अलमारी भी खोलकर उसमें रखे सामान की तलाश की गई।
कॉलेज के प्राचार्य तेजकुमार लिंडा ने बताया कि शनिवार सुबह कॉलेज परिसर में रहने वाले पूर्व प्राचार्य बलधीर बारला ने कार्यालय का ताला टूटा हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने अन्य फादर और कॉलेज कर्मियों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही कॉलेज प्रबंधन ने तपकारा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना पर तपकारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस चोरी गए सामान का आकलन कर रही है और अज्ञात चोरों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है।