धर्मशाला, 13 जुलाई । जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा चलाए गए एंटी चिट्टा अभियान के तहत सोमवार को विभिन्न पुलिस थाना प्रभारियों सहित अन्य कर्मचारियों ने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। इस दौरान धर्मशाला, पालमपुर, भवारना, लम्बगांव, नगरोटा बगवां, गग्गल और शाहपुर के प्रभारियों और अन्य कर्मचारियों ने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया तथा उनके साथ सार्वजनिक सुरक्षा, नशे के दुरुप्रयोग, अपराध रोकथाम, ट्रैफिक प्रबंधन तथा पुलिस-जनता के बीच में समन्वय बनाने सम्बंधित मुद्दों पर चर्चा की।
प्रतिनिधियों को आपराधिक गतिविधियों की रिपोर्ट करने और एक सुरक्षित व नशामुक्त समाज को बढ़ावा देने में पुलिस का सक्रिय रूप से समर्थन करने के लिए प्रोत्साहित किय गया। इस अभियान के तहत इन्होंने स्कूल, कॉलेज व अन्य शैक्षणिक संस्थानों में जाकर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने बारे जागरूक किया तथा इसके दुष्प्रभावों से अवगत कराया।
इसके अतिरिक्त नशे से दूर रहने और इसके दुष्प्रभावों से सम्बंधित विज्ञापन पत्र (इश्तेहार) भी लगाए गए। वर्तमान वर्षा ऋतु के दृष्टिगत लोगों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों से भी अवगत कराया गया। उन्हें सलाह दी गई कि वे स्वयं, अपने परिवार के सदस्यों, आम जनता तथा बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को भी नदियों, नालों एवं अन्य जल स्रोतों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक करें, ताकि अचानक जलस्तर बढ़ने अथवा बाढ़ जैसी परिस्थितियों के कारण होने वाली जान-माल की हानि से बचा जा सके।