गगल एयरपोर्ट प्रभावित परिवारों को अब तक 2,232 करोड़ रुपये का मुआवजा प्रदान : केवल पठानिया

धर्मशाला, 20 जुलाई । शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सोमवार को गगल में कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण परियोजना से प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नए गगल के निर्माण और प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा के लिए वे सदैव उनके साथ खड़े हैं तथा उनकी हरसंभव सहायता करेंगे। उन्होंने कहा कि इस विषय को वे लगातार विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

केवल सिंह पठानिया ने बताया कि गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण परियोजना के तहत 3,655 प्रभावित परिवारों को लगभग 2,580 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाना है, जिसमें से अब तक 2,232 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त राहत एवं पुनर्वास के तहत 128 करोड़ रुपये की राशि भी प्रभावित परिवारों को प्रदान की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रत्येक प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने उन पात्र परिवारों को भी राहत देने का निर्णय लिया है, जिनके नाम निजी भूमि नहीं थी और जो सरकारी भूमि पर रह रहे थे।

उपमुख्य सचेतक ने प्रदेश के सभी लोकसभा सांसदों से भी आग्रह किया कि गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण से प्रभावित परिवारों को अधिक मुआवजा दिलाने के लिए इस मुद्दे को लोकसभा में मजबूती से उठाया जाए।