भोपाल, 06 जुलाई । मध्य प्रदेश में मानसून पूरी रफ्तार से सक्रिय है। प्रदेशभर में लगातार हो रही बारिश के चलते अब तक औसतन 163.1 मिमी (6.4 इंच) वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है। रविवार को 20 से अधिक जिलों में अच्छी बारिश हुई, जबकि सोमवार के लिए मौसम विभाग ने 23 जिलों में भारी और अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, सागर, दमोह, बैतूल, देवास, आलीराजपुर, उमरिया, सिवनी, छिंदवाड़ा और अनूपपुर जिलों में अति भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रतलाम, उज्जैन, धार, शाजापुर, सीहोर, विदिशा, गुना, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और पन्ना में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, शहडोल, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, झाबुआ, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, आगर-मालवा, राजगढ़ और भोपाल में भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की से तेज बारिश हो सकती है।
रविवार को प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में बारिश का असर देखने को मिला। सीहोर में दिनभर घने काले बादल छाए रहने से दोपहर में ही अंधेरे जैसे हालात बन गए। मंदसौर में इस मानसून सीजन के दौरान अब तक 6.04 इंच बारिश दर्ज की गई है। वहीं शाजापुर में सबसे अधिक 28 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई, जिससे कालीसिंध नदी उफान पर पहुंच गई।
मौसम विभाग के मुताबिक छिंदवाड़ा में ढाई इंच से अधिक बारिश हुई। सिवनी, उज्जैन और श्योपुर में पौन इंच, जबकि टीकमगढ़ और ग्वालियर में करीब आधा इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा दतिया, गुना, इंदौर, राजगढ़, जबलपुर, मंडला, नरसिंहपुर, रीवा, सागर, सीधी, बालाघाट, शाजापुर, भिंड, विदिशा, सीहोर, मंदसौर और पांढुर्णा में भी बारिश और आंधी का दौर जारी रहा।
लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इंदौर का अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री, भोपाल का 32.2 डिग्री, उज्जैन का 32.7 डिग्री, जबलपुर का 34 डिग्री और ग्वालियर का 37.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि बैतूल में सबसे कम 27 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
अब तक सामान्य से 6 प्रतिशत कम बारिश
प्रदेश में जून महीने से ही आंधी और बारिश का सिलसिला बना हुआ है। 5 जुलाई को भी कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। इसके बावजूद अब तक प्रदेश में कुल 163.1 मिमी (6.4 इंच) वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य औसत 172.8 मिमी (6.8 इंच) से 6 प्रतिशत कम है। आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के पूर्वी हिस्से में 29 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में सामान्य से 17 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।