मुरादाबाद, 10 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में जीजी हिंदू इंटर कॉलेज में शुक्रवार को मंडलीय क्रीड़ा समिति की बैठक में सत्र 2026-27 में होने वाली खेल प्रतियोगिताओं के लिए बनाई गई कार्य योजना, जनपद मुरादाबाद को प्रदेश स्तरीय क्रिकेट अंडर 17 व 19 वर्ष बालिका वर्ग प्रतियोगिता तथा जनपद रामपुर को प्रदेश स्तरीय हॉकी अंडर 14, 17 व 19 वर्ष बालक/ बालिका वर्ग प्रतियोगिता का दायित्व सौंपा गया। संचालन मंडलीय क्रीड़ा सचिव बंश बहादुर ने किया।
बैठक में सर्वप्रथम मंडल स्तर पर आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं को मंडल के विभिन्न जनपदों को आवंटित किया गया जिसमें जनपद मुरादाबाद में तैराकी, बॉक्सिंग, क्रिकेट 17 एवं 19 वर्ष बालिका, सुब्रतो फुटबॉल, थागता मार्शल आर्ट, कराटे व कुश्ती , जनपद अमरोहा में कबड्डी, क्रिकेट 14 वर्ष बालक, टेबल टेनिस ,बैडमिंटन, हैंडबॉल, योगासन, भारोत्तोलन तथा एथलेटिक्स, जनपद बिजनौर में खो-खो, बास्केटबॉल, शतरंज, ताइक्वांडो, शूटिंग , नेहरू हॉकी, कलारीपयट्टू तथा वुशु जनपद रामपुर में वॉलीबॉल, गतका, मलखंभ, हॉकी तथा फुटबॉल जबकि जनपद संभल में जूडो, जिमनास्टिक, क्रिकेट 17 वर्ष बालक , क्रिकेट 19 वर्ष बालक, कुराश, सेपक टाकरो तथा तीरंदाजी खेल को आयोजित कराए जाने का निर्णय लिया गया। खेलों के निष्पक्ष आयोजन तथा श्रेष्ठ खिलाड़ियों के चयन हेतु चयनकर्ता तथा पर्यवेक्षकों की नियुक्ति का निर्णय लिया गया।
बैठक में अध्यक्ष शिवलाल संयुक्त शिक्षा निदेशक ने कहा कि खेल कार्यक्रमों का आयोजन निष्पक्ष, पारदर्शी तथा सफलतापूर्वक किया जाए । विद्यालयों में सभी बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद के कार्यक्रमों को भी सुचारू रूप से संचालित किए जाएं क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है।
मंडलीय क्रीडा सचिव बंश बहादुर ने बताया कि खेलकूद के कार्यक्रमों में प्रतिभागिता हेतु पात्रता के लिए कक्षा 6 से 10 तक के छात्र-छात्राओं को अपना जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड (अपडेटेड ) , पिछली कक्षा की मार्कशीट, विद्यालय का यू डाइस नंबर तथा छात्र का पेन नंबर लगाना अनिवार्य होगा जबकि कक्षा 11 व कक्षा 12 में अध्यनरत छात्र/ छात्राओं के लिए जन्म प्रमाण पत्र की अनिवार्यता नहीं होगी उन्हें अपने हाई स्कूल के अंक पत्र की प्रामाणिक छाया प्रति लगानी होगी।
इस अवसर प्रधानाचार्या डॉ मधुबाला त्यागी, बलवीर सिंह, डॉ हिमांशु यादव, आसिफ हसन, अरविंद कुमार भास्कर प्रधानाचार्य, सलीम युसूफ जैदी , मनोज कुमार, तुषार शर्मा , विजय सिंह, सुरेंद्र सिंह, प्रभात कुमार आदि रहे।