इंदौर, 26 जुलाई । मध्य प्रदेश में वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत जिला स्तर पर “बलराम कृषि महोत्सव” आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में खंडवा में आज सोमवार को नई कृषि उपज मंडी परिसर में प्रातः 11 बजे से बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
कृषि उप संचालक नितेश यादव ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसानों से संवाद करेंगे। “बलराम कृषि महोत्सव” में किसानों को खेती की आधुनिक तकनीक, उन्नत बीजों, नवीन कृषि यंत्रों, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण तथा शासन की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी जायेगी, ताकि खेती अधिक लाभकारी, टिकाऊ एवं समृद्ध बन सके।
उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में कृषि विभाग के साथ साथ उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, कृषि अभियांत्रिकी तथा अन्य संबंधित विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। किसानों को विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों से सीधे संवाद का और अपनी समस्याओं के समाधान का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्हें नई तकनीकों एवं बाजार आधारित कृषि मॉडल की जानकारी भी मिलेगी।
महोत्सव में किसानों को डिजिटल कृषि सेवाओं, ऑन लाइन कृषि परामर्श, मौसम आधारित खेती, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, ड्रोन तकनीक, स्मार्ट सिंचाई, उन्नत कृषि यंत्रों तथा आधुनिक कृषि प्रबंधन प्रणालियों की जानकारी भी दी जाएगी। कृषि विशेषज्ञों द्वारा इस कार्यक्रम में किसानों को बदलती जलवायु के अनुरूप खेती की नई पद्धतियों एवं जोखिम प्रबंधन के उपायों से भी अवगत कराया जायेगा।