मंडला, 25 जुलाई । मध्य प्रदेश शासन की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत मण्डला जिले के 196 वरिष्ठ नागरिक श्रद्धालुओं का दल शनिवार को मथुरा-वृंदावन यात्रा के लिए रवाना हुआ। जिला योजना भवन परिसर के समक्ष आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने बसों को हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को विदा किया।
श्रद्धालुओं का यह दल बसों के माध्यम से नैनपुर पहुंचा, जहाँ से आगे की यात्रा रेल द्वारा की गई। मंत्री संपतिया उइके ने सभी तीर्थयात्रियों को पुष्पहार एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि आप सभी वरिष्ठ नागरिकों को भगवान श्री कृष्ण जी की जन्मभूमि की यात्रा का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। यह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान और आस्था का प्रतीक है। शासन की यह योजना बुजुर्गों को देश के पवित्र तीर्थों के दर्शन का अवसर दे रही है।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विनोद कछवाहा, अपर कलेक्टर हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम सोनल सिडाम, तहसीलदार हिमांशु भलावी सहित तीर्थयात्रियों के परिजन उपस्थित रहे।