काठमांडू, 30 जुलाई । नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने सुनसरी जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में हाल ही में उत्पन्न विषम परिस्थितियों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सदियों से कायम सामाजिक, धार्मिक और जातीय सौहार्द, सहिष्णुता, आपसी मेल-मिलाप, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को बनाए रखने की अपील की है।
राष्ट्रपति पौडेल ने गुरुवार को एक अपील में कहा कि सदियों से चली आ रही सामाजिक, धार्मिक और जातीय सद्भावना, सहिष्णुता, मेल-मिलाप और भाईचारा ही नेपाल की पहचान और उसकी गौरवशाली परंपरा रही है। उन्होंने कहा, “मैं सभी राजनीतिक दलों, नागरिक समाज तथा समस्त नेपाली भाई-बहनों से आग्रह करता हूं कि इस परंपरा को कायम रखते हुए देश में शांति, अमन-चैन, कानून-व्यवस्था और राष्ट्रीय एकता को और मजबूत बनाने में सहयोग करें।”
राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्तमान में उत्पन्न इस विषम स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य बनाने, शांति और कानून-व्यवस्था को पूर्ववत स्थापित करने तथा नागरिकों के शांतिपूर्ण जीवनयापन का वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास करेगी। अपने संदेश में उन्होंने कहा, “इस कठिन समय में मैं सभी से हार्दिक अपील करता हूं कि स्थिति को और अधिक जटिल न बनने दें तथा समाज में एकता, आपसी सद्भाव, मित्रता और सहिष्णुता बनाए रखें।”
राष्ट्रपति पौडेल ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी संबंधित पक्षों से सतर्क रहने का भी आग्रह किया। उन्होंने इस घटना में जान गंवाने वालों के प्रति भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।