मकान का ताला तोड़कर पांच लाख की चोरी

बहराइच, 04 जुलाई । जिले की देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिसई हैदर में शुक्रवार की बीती देर रात चोरों ने ताला तोड़कर करीब पांच लाख की सम्पत्ति व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पड़ोसी की सूचना पर मकान मालिक मौके पर पहुँचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

ग्राम पंचायत सिसई हैदर के रहने वाले दिनेश शुक्ला अपने परिवार के साथ दो दिन पूर्व अपने पैतृक गांव राजपुर गए थे। शुक्रवार रात में उनके पड़ोसी ने उन्हें घर का ताला टूटा होने की बात बताई। जानकारी होने पर दिनेश शुक्ला तत्काल मौके पर पहुँचे।

उन्होंने बताया कि चोरों ने घर की अलमारी और लॉकर का ताला तोड़कर उसमें रखी एक लाख रुपये की नगदी,दो सोने की चेन और पांच अंगूठी सहित करीब पांच लाख की सम्पत्ति लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर देहात कोतवाली पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँची और साक्ष्य संकलित किये।

कोतवाल दद्दन सिंह ने बताया पीड़ित की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है,जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

————–