भाजपा प्रदेश कार्यालय में जनसुनवाई, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और मंत्री नारायण सिंह पंवार ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं

भोपाल, 13 जुलाई । मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और मंत्री नारायण सिंह पंवार ने सोमवार को राजधानी भाेपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े जनहित और विकास कार्यों के साथ-साथ विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें और मांगें उनके समक्ष रखीं।

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यकर्ताओं द्वारा उठाए गए जनहित के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है तथा शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

मंत्री नारायण सिंह पंवार ने भी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव है, उनका मौके पर ही निराकरण किया जाए। वहीं, जिन प्रकरणों में विस्तृत प्रक्रिया की आवश्यकता है, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जनसुनवाई के दौरान कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर आवश्यक निर्देश दिए गए। जिन शिकायतों का मौके पर समाधान नहीं हो सका, उन्हें विभागवार दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रेषित किया गया।

दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि सभी जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा और किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ मिलने में अनावश्यक परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस जनसुनवाई में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे और उन्होंने अपने क्षेत्रों से जुड़े जनहित के मुद्दों से उपमुख्यमंत्री एवं मंत्री को अवगत कराया।