जोधपुर, 09 जुलाई । राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) की ओर से आरटीसी घूमर होटल में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आज से शुरू हुआ। शिविर में जोधपुर संभाग के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान राजीविका मिशन के तहत महिलाओं को स्वरोजगार से जोडऩे, आय के नए अवसर विकसित करने तथा आत्मनिर्भर बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही रोजगार स्थापित करने के लिए आवश्यक ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया, वित्तीय प्रबंधन तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने संबंधी प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को स्वयं सहायता समूहों की भूमिका, आजीविका गतिविधियों के विस्तार और आर्थिक सशक्तिकरण के उपायों से अवगत कराया। प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें सरकारी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा।