राजगढ़, 21 जुलाई । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के लीमाचौहान थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर चोरी की गई बाइक बरामद कर ली।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने मंगलवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि 16 जुलाई को ग्राम पड़ाना निवासी बाबूलाल (55) पुत्र अमरसिंह वर्मा ने शिकायत की, श्रीराम गौशाला के सामने भैंसवा जोड़ क्षेत्र से उसकी बाइक क्रमांक एमपी 39 जेडजे -6124 चोरी हो गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपित की पहचान कर देवास जिले के पीपलरावा थाना पुलिस के सहयोग से सचिन(35) पुत्र इंदर कंजर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत की चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपित से गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपित पर देवास और शाजापुर जिलों में चोरी, आबकारी और अन्य मामलों सहित कई आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी गोविंद मीणा, प्रआर.अमित रघुवंषी, आकाष चैरसिया, आर.अमन सोलंकी, विक्रम सहित पीपलरावा थाना पुलिसकर्मी मौजूद रहे।