हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 28 जुलाई से, कोयंबटूर करेगा मेजबानी

तमिलनाडु के कोयंबटूर में 28 जुलाई से 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 का आगाज होगा। 12 दिनों तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित घरेलू प्रतियोगिता में देश की 30 शीर्ष जूनियर पुरुष हॉकी टीमें राष्ट्रीय खिताब के लिए चुनौती पेश करेंगी। प्रतियोगिता का समापन 8 अगस्त को होगा, जबकि डिवीजन ‘ए’ का फाइनल राष्ट्रीय चैंपियन का फैसला करेगा।

इस बार टूर्नामेंट को डिवीजन ‘ए’, ‘बी’ और ‘सी’ में विभाजित किया गया है। डिवीजन ‘ए’ की टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी, जबकि डिवीजन ‘बी’ और ‘सी’ की टीमें अगले स्तर पर पदोन्नति (प्रमोशन) हासिल करने के उद्देश्य से खेलेंगी। टूर्नामेंट में प्रमोशन और रेलीगेशन की व्यवस्था होने से हर मुकाबला बेहद अहम होगा।

डिवीजन ‘ए’ में 12 टीमों को चार पूलों में बांटा गया है। पूल-ए में हॉकी हरियाणा, हॉकी मध्य प्रदेश और हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु, पूल-बी में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा, मणिपुर हॉकी और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव हॉकी, पूल-सी में हॉकी पंजाब, हॉकी झारखंड और दिल्ली हॉकी, जबकि पूल-डी में उत्तर प्रदेश हॉकी, हॉकी कर्नाटक और हॉकी बंगाल शामिल हैं। प्रत्येक पूल से शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी।

क्वार्टर फाइनल 5 अगस्त, सेमीफाइनल 6 अगस्त तथा तीसरे स्थान का मुकाबला और फाइनल 8 अगस्त को खेला जाएगा। डिवीजन ‘ए’ की अंतिम दो टीमें अगले सत्र में डिवीजन ‘बी’ में चली जाएंगी।

डिवीजन ‘बी’ में 10 टीमों को दो पूलों में रखा गया है। यहां की शीर्ष दो टीमें डिवीजन ‘ए’ में पदोन्नत होंगी, जबकि अंतिम दो टीमों को डिवीजन ‘सी’ में जाना पड़ेगा। वहीं, डिवीजन ‘सी’ में आठ टीमें दो पूलों में प्रतिस्पर्धा करेंगी और यहां की शीर्ष दो टीमें अगले सत्र में डिवीजन ‘बी’ में जगह बनाएंगी।

लीग चरण में जीत पर तीन अंक, ड्रॉ पर एक अंक और हार पर कोई अंक नहीं मिलेगा। डिवीजन ‘ए’ के नॉकआउट मुकाबलों में बराबरी की स्थिति होने पर एफआईएच नियमों के अनुसार शूटआउट से विजेता का फैसला किया जाएगा।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा कि जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप भारतीय हॉकी की प्रतिभाओं को निखारने का महत्वपूर्ण मंच है और इसी प्रतियोगिता से कई खिलाड़ी आगे चलकर भारतीय टीम तक पहुंचे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी कई नई प्रतिभाएं सामने आएंगी।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के विकास की दिशा में अहम भूमिका निभाती है। प्रमोशन और रेलीगेशन की व्यवस्था से टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा और भी रोमांचक हो जाती है।

पहले दिन का कार्यक्रम

प्रतियोगिता के पहले दिन डिवीजन ‘सी’ और ‘बी’ के मुकाबले खेले जाएंगे। सुबह 6:00 बजे असम हॉकी का सामना हॉकी मिजोरम से होगा। इसके बाद गोअन्स हॉकी बनाम हॉकी राजस्थान, तेलंगाना हॉकी बनाम त्रिपुरा ओलंपिक एसोसिएशन, ले पुडुचेरी हॉकी बनाम हॉकी गुजरात, हॉकी महाराष्ट्र बनाम हॉकी हिमाचल, हॉकी उत्तराखंड बनाम केरल हॉकी, हॉकी आंध्र प्रदेश बनाम बिहार (बीएसएसए) और हॉकी चंडीगढ़ बनाम छत्तीसगढ़ हॉकी के मुकाबले खेले जाएंगे। डिवीजन ‘ए’ के मैच 1 अगस्त से शुरू होंगे।