फिरोजाबाद, 01 जुलाई । जर्जर छप्पर और झोपड़ी नुमा घर में निवास करने वाली आरती देवी का पक्की छत का सपना पूरा हुआ है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से पक्का मकान बन जाने से आरती देवी और उनके बच्चों को न केवल प्राकृतिक आपदाओं से मुक्ति मिली है, बल्कि उनके जीवन में एक गहरा आत्मविश्वास और सुरक्षा का भाव जागृत हुआ है।
फिरोजाबाद जनपद के विकासखंड अरांव के अंतर्गत ग्राम पंचायत किसरांव की मूल निवासी आरती देवी की कहानी एक बड़े संघर्ष की गवाह है, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ मिलने से पूर्व आरती देवी अपने पति अनवर सिंह और अपने पांच सदस्यों के परिवार के साथ एक जर्जर छप्पर और झोपड़ी नुमा घर में निवास करती थी, अक्सर यह अपने बच्चों और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहती थी।
आरती देवी का कहना है कि जब वर्षा ऋतु में पानी बरसता था, तब हमारी झोपड़ी के चारों तरफ पानी जमा हो जाता था, छप्पर से लगातार टपकता पानी और हर पल उसके गिरने का डर हमें चैन से सोने नहीं देता था, दूसरी तरफ जहरीले जानवरों का भय भी सताता रहता था, कड़कड़ाती ठंड और भीषण गर्मी के मौसम में अपने छोटे-छोटे बच्चों को उस असुरक्षित माहौल में रखना और उनका पालन पोषण करना एक असहनीय पीड़ा जैसा था। सबसे बड़ी चिंता बच्चों की सुरक्षा और उनकी पढ़ाई-लिखाई को लेकर थी, जो इस अव्यवस्था के कारण पूरी तरह बाधित हो चुकी थी।‘‘ परंतु आरती देवी का यह संघर्ष उनके जीवन में एक नई सुबह लेकर उस समय उपस्थित हुआ, जब परियोजना निदेशक सुभाष चन्द्र त्रिपाठी और खंड विकास अधिकारियों के समन्वय से पूरी निष्पक्षता के साथ ‘‘आवास प्लस‘‘ की सूची तैयार की गई, जिसमें आरती देवी का चयन हुआ, चयन प्रक्रिया के उपरांत इस योजना के अंतर्गत उनके खातें में सीधे तीन किस्तों में कुल एक लाख बीस हजार (1,20,000) रुपए की धनराशि हस्तांतरित की गई। सरकार के इस सद् प्रयासों से आरती देवी ने अपने सपनों का पक्का और सुदृढ़ मकान बनाकर तैयार कर लिया।
पक्का मकान बन जाने से आरती देवी और उनके बच्चों को न केवल प्राकृतिक आपदाओं से मुक्ति मिली, बल्कि उनके जीवन में एक गहरा आत्मविश्वास और सुरक्षा का भाव जागृत हुआ है। अब उनके बच्चे एक सुरक्षित, शांत और सुव्यवस्थित वातावरण में अपनी पढ़ाई-लिखाई को सुचारू रूप से आगे बढ़ा रहे हैं।
आवास के साथ-साथ आरती देवी को स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय, उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस कनेक्शन, निःशुल्क बिजली कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड जैसी बुनियादी सरकारी सुविधाओं का लाभ भी एक साथ प्राप्त हुआ है।
इसके अतिरिक्त मनरेगा योजना के तहत उनके मकान निर्माण के दौरान 90 दिवस की मजदूरी का लाभ भी प्रदान किया गया, जिसे आर्थिक रूप से उनके परिवार को संवल दिया।
शासन और प्रशासन के सहयोग से आरती देवी ने अत्यंत भावुक होकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के प्रति हृदय से गहरा आभार प्रकट किया है। परियोजना निदेशक सुभाष चन्द्र त्रिपाठी ने बुधवार काे बताया कि हर पात्र लाभार्थी काे याेजना का लाभ दिलाया जा रहा है।